ग्वालियर , जुलाई 22 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में आईपीएल क्रिकेट मैच का टिकट दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक व्यवसायी के बैंक खाते से 95 हजार रुपये निकाल लिए। मामले की शिकायत पर पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कंपू थाना क्षेत्र के निम्बालकर की गोठ निवासी व्यवसायी प्रदीप कुमार शर्मा ने अप्रैल माह में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित आईपीएल मैच का टिकट लेने के लिए गूगल से संपर्क नंबर प्राप्त किया था। फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को टिकट उपलब्ध कराने वाला बताकर ऑनलाइन बुकिंग का भरोसा दिलाया।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने पहले पांच रुपये ऑनलाइन जमा कराने के लिए कहा और इसके बाद व्यवसायी से एक एपीके फाइल डाउनलोड कराकर स्क्रीन शेयर करा ली। इसके जरिए आरोपी ने पीड़ित के बैंक खाते से 95 हजार रुपये निकाल लिए।
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने तत्काल अपना बैंक खाता ब्लॉक कराया और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच ने साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेनदेन का विवरण जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित