हनुमानगढ़ , अप्रैल 01 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले भिरानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार देर रात एक मकान पर छापा मारा जहां गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स इलेवन के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच पर सट्टेबाजी की जा रही थी।

भिरानी थाना के कार्यवाहक प्रभारी (प्रशिक्षण) राजेंद्रकुमार ने बुधवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर रात्रि करीब पौने 11 बजे राजवीर जाट के मकान पर छापा मारा, जहां एक कमरे में दो चारपाइयों और कुर्सी पर बैठे सात व्यक्तियों को सट्टेबाजी करते हुए पकड़ा।

पुलिस ने बताया कि मौके से मकान मालिक राजवीर जाट के अलावा मोहन जाट (30), देवेंद्र जाट (30), रमेश कुम्हार (45), सोमवीर जाट (28), ऋषिकेश जाट (36), संदीप जाट (34) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि ये सट्टेबाज एंड्रॉयड मोबाइल फोन पर क्रिकेट मैच देखते हुए ऑनलाइन सट्टा लगा रहे थे। इनके पास से एक लैपटॉप चार्जर सहित, 18 एंड्राइड मोबाइल फोन, एक की-पैड वाला फोन, तीन मोबाइल चार्जर, इलेक्ट्रिक चार्जिंग बोर्ड, सट्टे के हिसाब-किताब के पांच रजिस्टर और 11 हजार 440 रुपए नगद बरामद हुए हैं ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित