मुंबई , अप्रैल 02 -- शुरुआती कारोबार में करीब 1,600 अंक तक टूटने के बाद आईटी कंपनियों और निजी बैंकों में लिवाली से बीएसई का सेंसेक्स अंत में हरे निशान में बंद हुआ।
सेंसेक्स 872 अंक गिरकर 72,262 अंक पर खुला और एक समय 1,588 अंक लुढ़क चुका था। आईटी और निजी बैंकिंग कंपनियों में हुई लिवाली से आखिरी एक घंटे में यह 185.23 अंक (0.25 प्रतिशत) चढ़कर 73,319.55 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 33.70 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की बढ़त में 22,713.10 अंक पर पहुंच गया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय समय के अनुसार, गुरुवार सुबह राष्ट्र के नाम संबोधन में ईरान के खिलाफ अमेरिका के मिशन को सफल बताया, लेकिन कहा कि अगले दो-तीन सप्ताह खाड़ी देश पर हमले और तेज किये जायेंगे।
इससे वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में गिरावट रही। हालांकि पश्चिम एशिया संकट के बावजूद मार्च में विनिर्माण गतिविधियों में तेजी के पीएमआई आंकड़े आने और रुपये में जबरदस्त मजबूती के कारण भारतीय शेयर बाजारों पर दबाव कम दिखा।
वृहत बाजार में बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.16 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.38 प्रतिशत फिसल गया।
सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों में लिवाली से निफ्टी आईटी सूचकांक 2.60 प्रतिशत मजबूत हुआ। रियलटी, धातु, निजी बैंकों और एफएमसीजी के सूचकांक भी हरे निशान में रहे। ऑटो, फार्मा, स्वास्थ्य, मीडिया, सार्वजनिक बैंकों, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस और रसायन सेक्टरों में गिरावट रही।
एनएसई में जिन 3,311 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,018 के शेयर ऊपर बंद हुए जबकि 1,216 में गिरावट रही। अन्य 77 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 19 बढ़त में रहे। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 3.47 प्रतिशत की तेजी रही। टेक महिंद्रा का शेयर 2.67 फीसदी, इंफोसिस का 1.90, टीसीएस का 1.80, एचडीएफसी बैंक का 1.21, बजाज फाइनेंस का 1.13 और मारुति सुजुकी का 0.99 प्रतिशत चढ़ा। टाइटन, ट्रेंट, बीईएल, कोटक महिंद्रा बैंक, आईटीसी, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल और इंडिगो के शेयर भी हरे निशान में रहे।
एशियन पेंट्स में 2.46 फीसदी की गिरावट रही। इटरनल का शेयर 2.13 प्रतिशत, सनफार्मा का 1.96, एनटीपीसी का 1.33, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.31 और पावरग्रिड का 1.02 प्रतिशत टूट गया। अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अडानी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व और टाटा स्टील के शेयरों में भी गिरावट रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित