लखनऊ , अगस्त 12 -- आईटीएफ पैरा, सब-जूनियर एवं जूनियर नेशनल ट्रायथलॉन चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 14 और 15 अगस्त को महाराष्ट्र के पुणे स्थित श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश की टीम विभिन्न आयु वर्गों में हिस्सा लेगी।

उत्तर प्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन के सचिव संदीप मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है। पुरुष वर्ग में अमित सिंह कराकोटी, शिशुपाल प्रजापति, ओरियन शर्मा, प्रियांशु सिंह कराकोटी, हर्ष वर्धन दत्तात्रेय, प्रदीप सहानी, विष्णु दत्त चौहान, अमित सिंह, अजेंद्र चौहान और प्रणय द्विवेदी टीम में शामिल हैं।

सब-जूनियर महिला वर्ग में गौतम बुद्ध नगर की गीतिका चौहान और आन्या सांगवान उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। टीम के कोच जितेंद्र सोनकर और मैनेजर संजय सांगवान हैं। इस अवसर पर लखनऊ ट्रायथलॉन एसोसिएशन के सचिव आशुतोष त्रिपाठी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सचिन त्रिपाठी और चयन समिति के अध्यक्ष निशित दीक्षित भी मौजूद रहे।

मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है। ऐसे में प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी खिलाड़ी पूरी तैयारी और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। एसोसिएशन को उम्मीद है कि खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करेंगे और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित