बालोद , सितंबर 21 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में पांच छात्रों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्रों की शिकायत पर पुलिस ने शिक्षक फलिन साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद नाराज परिजनों ने संस्थान पहुंचकर विरोध जताया, जिसके बाद एसडीएम और पुलिस के आला अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विश्वकर्मा पूजा के दौरान संस्थान के छात्र-छात्राएं और शिक्षक मिलकर भोजन बनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान छात्र गजेंद्र साहू पानी पीने के लिए क्लास रूम में गया था। आरोप है कि शिक्षक फलिन साहू ने काम करने के बजाय घूमने की बात कहते हुए गजेंद्र साहू के साथ मारपीट की और गाली-गलौज की।
बताया गया है कि गजेंद्र साहू के साथ मारपीट होते देख नमन खोबरागड़े, सूरज रंगारी, देवेंद्र निषाद और युवराज साहू बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि शिक्षक ने इन छात्रों के साथ भी मारपीट की और पांचों छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना में छात्रों को चोटें आई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित