मुंबई , जुलाई 21 -- आईटी और बैंकिंग सेक्टरों में बिकवाली से घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को प्रमुख सूचकांक लगातार दूसरे दिन गिरावट में बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 238.41 अंक (0.31 प्रतिशत) टूटकर 77,470.11 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 50.80 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की गिरावट में 24,187.70 अंक पर रहा। यह दोनों सूचकांकों का 16 जुलाई के बाद का निचला स्तर है।
प्रमुख सूचकांकों के विपरीत वृहत बाजारों में तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.28 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.53 प्रतिशत ऊपर रहा।
आईटी, सार्वजनिक बैंकों, वित्त, एफएमसीजी, तेल एवं गैस और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में रहे। ऑटो, धातु, रसायन, फार्मा, रियल्टी और स्वास्थ्य समूहों में तेजी रही।
एनएसई में कुल 3,436 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। उनमें से 1,810 के शेयरों में तेजी और 1,504 में गिरावट रही। अन्य 122 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 21 के शेयर हरे निशान में रहे। बजाज फिनसर्व का शेयर 2.07 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। इंडिगो में 1.65 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.57, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.52, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 1.18, कोटक महिंद्रा बैंक में 1.02 और टाइटन में 0.97 प्रतिशत की तेजी रही। मारुति सुजुकी, बीईएल, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, एनटीपीसी और सन फार्मा के शेयर भी बढ़त में रहे।
नुकसान उठाने वाली कंपनियों में एचडीएफसी बैंक का शेयर 2.08 प्रतिशत लुढ़क गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.48 प्रतिशत, भारतीय स्टेट बैंक में 1.48, टीसीएस में 1.32, इंफोसिस में 1.24 और ट्रेंट में 1.10 प्रतिशत की गिरावट रही। पावरग्रिड और आईटीसी के शेयर भी लाल निशान में रहे।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 3.26 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.79 प्रतिशत मजबूत हुआ। वहीं, हांगकांग का हैंग सेंग 0.04 प्रतिशत टूट गया। यूरोपीय बाजारों में जर्मनी का डैक्स 0.17 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.15 प्रतिशत ऊपर था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित