चंडीगढ़ , मई 20 -- इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक और एकीकृत पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऑनलाइन आवेदन 20 मई से शुरू हो चुके हैं और अभ्यर्थी 10 जून 2026 रात 11:59 बजे तक आईजीयू की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय के अनुसार इस बार रोजगारोन्मुखी और आधुनिक पाठ्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रवेश के लिए एम.कॉम और एमबीए के पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स, बीएचएमसीटी, बीएससी (ऑनर्स/ रिसर्च) गणित एवं रसायन विज्ञान, बीए डिफेंस स्टडीज, बीजेएमसी, बीटेक सीएसई (एआई एवं एमएल), बैचलर ऑफ फिजिकल साइंसेज तथा बैचलर ऑफ लाइफ साइंसेज जैसे कोर्स उपलब्ध रहेंगे। अधिकांश पाठ्यक्रमों में 60 सीटें निर्धारित हैं, जबकि बीए डिफेंस स्टडीज और बीजेएमसी में 30-30 सीटें होंगी।
सामान्य वर्ग के लिए पंजीकरण एवं काउंसलिंग शुल्क 1500 रुपये तय किया गया है। हरियाणा के एससी, बीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 750 रुपये रहेगा। अधिकांश कोर्सों में प्रवेश के लिए 12वीं में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के लिए 47.5 प्रतिशत अंक निर्धारित किये गये हैं।
बी टेक सीएसई (एआई एवं एमएल) कार्यक्रम में प्रवेश हरियाणा स्टेट टेक्निकल एजुकेशन सोसाइटी के माध्यम से होगा। इसके लिए जेईई मेन्स-2026 स्कोर अनिवार्य रहेगा और ऑनलाइन पंजीकरण 18 जून तक किये जा सकेंगे। बी.फार्मेसी कार्यक्रम के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और अंतिम तिथि आठ जून तय की गयी है। संबंधित जानकारी एचएसटीईएस पोर्टल पर उपलब्ध है। विश्वविद्यालय ने बताया कि काउंसलिंग शेड्यूल बाद में एडमिशन पोर्टल पर जारी किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित