श्रीनगर , जून 19 -- कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) वीके बिरदी ने शुक्रवार को आगामी अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की।

श्री विरदी ने वार्षिक तीर्थयात्रा के सुगम और घटनामुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को समन्वय मजबूत करने, जवानों को नियमित रूप से जानकारी देने, मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का कड़ाई से पालन करने और तीर्थयात्रियों के प्रति अनुकूल रवैया अपनाने का निर्देश दिया।यात्रा के सुरक्षित, सुगम और सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए व्यावसायिकता, सतर्कता और जनसेवा के उच्चतम मानकों को बनाये रखने पर जोर दिया।

उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों को अपने अधीन आने वाले सेक्टर अधिकारियों और जवानों को नियमित रूप से अवगत कराने के निर्देश दिये, ताकि सभी कर्मी अपने कर्तव्यों, जिम्मेदारियों और मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य से पूरी तरह वाकिफ रहें। उन्होंने तैनाती के सभी स्तरों पर निरंतर निगरानी और प्रभावी संचार की आवश्यकता पर जोर दिया।

आईजीपी ने सभी अधिकारियों और कर्मियों से श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता प्रदान करने का आह्वान किया, जिससे उनकी सुरक्षा, सुविधा और हित सुनिश्चित हो सके। उन्होंने दोहराया कि कर्तव्यों का पालन करते समय जनता के अनुकूल रवैया बनाये रखा जाना चाहिए। सख्त अनुशासन, व्यावसायिकता और स्थापित एसओपी के पालन पर जोर देते हुए उन्होंने सभी श्रेणी के अधिकारियों और जवानों से सतर्क रहने, परिचालन तत्परता का उच्च स्तर बनाये रखने और अनुकरणीय आचरण के माध्यम से बल की प्रतिष्ठा को बनाये रखने का आग्रह किया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि श्री अमरनाथ जी यात्रा की तैयारियों के तहत आईजीपी ने यात्रा मार्ग पर समन्वय और परिचालन तैयारियों की समीक्षा के लिए क्षेत्रीय अधिकारियों और सेक्टर अधिकारियों को जानकारी दी। अधिकारियों को सभी सुरक्षा और लॉजिस्टिक संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने और स्थापित सुरक्षा ग्रिड के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। अधिकारियों को यह निर्देश भी दिया गया है कि वे अपने-अपने जिम्मेदारी वाले क्षेत्रों में काम कर रही सहयोगी एजेंसियों के साथ कड़ा समन्वय बनाये रखें, ताकि पूरी यात्रा अवधि के दौरान निर्बाध सूचना साझाकरण, संयुक्त प्रतिक्रिया तंत्र और तालमेल के साथ परिचालन प्रयासों को सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक का समापन शांतिपूर्ण और घटनामुक्त श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 सुनिश्चित करने के लिए समन्वय तंत्र और आकस्मिक उपायों की विस्तृत समीक्षा के साथ हुआ।

अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी और 28 अगस्त तक चलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित