गौतमबुद्धनगर , जून 17 -- जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बुधवार को आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा बैठक में शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले विभागों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि जिन विभागों का संतुष्टि फीडबैक 45 प्रतिशत से कम है, उनके विभागाध्यक्षों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर निर्धारित समयसीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा शासन स्तर पर नियमित रूप से की जाती है और इसी आधार पर जनपद की रैंकिंग तय होती है। सभी विभागों को प्रत्येक माह शिकायतों के निस्तारण तथा शिकायतकर्ताओं से संपर्क का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना होगा। ऐसा नहीं करने पर संबंधित विभाग के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा, दुर्गेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित