कानपुर , मई 07 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट ने जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण में लगातार तीसरी बार प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रिड्रेसल सिस्टम) की अप्रैल 2026 की मासिक रैंकिंग में कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया। पुलिस विभाग से जारी जानकारी के अनुसार यह उपलब्धि कमिश्नरेट के सभी 52 थानों द्वारा प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के कारण संभव हो सकी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले फरवरी और मार्च 2026 में भी कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा था। लगातार तीसरी बार शीर्ष स्थान प्राप्त करना पुलिस कमिश्नरेट की मजबूत कार्यप्रणाली, प्रभावी मॉनिटरिंग और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल द्वारा आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए दिए गए निर्देशों का अधिकारियों और कर्मचारियों ने गंभीरता से पालन किया। इसके परिणामस्वरूप शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी हुई तथा आमजन को त्वरित राहत मिल सकी।

अप्रैल 2026 की रैंकिंग में संतुष्ट फीडबैक का प्रतिशत 91.61 दर्ज किया गया, जिसके लिए कमिश्नरेट को 30 में से पूर्ण 30 अंक प्राप्त हुए। वहीं शिकायतकर्ताओं से संपर्क का प्रतिशत 95.02 रहा, जिसके लिए 10 में से 10 अंक दिए गए। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

इस उपलब्धि पर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनशिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निरंतर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित