भोपाल , जुलाई 12 -- इटली के लोनाटो में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप शॉटगन प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग शॉटगन अकादमी की खिलाड़ी नीरू ढांडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है, जबकि अकादमी की दूसरी खिलाड़ी मनीषा ने शीर्ष-10 में स्थान बनाकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार इटली के लोनाटो में तीन से 13 जुलाई तक आयोजित विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में दुनिया के कई देशों के शीर्ष निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच नीरू ढांडा ने उत्कृष्ट एकाग्रता, तकनीक और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं मनीषा ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में दसवां स्थान हासिल किया।

इस उपलब्धि को मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग शॉटगन अकादमी की प्रशिक्षण व्यवस्था तथा खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है। अकादमी की खिलाड़ियों के प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के साथ-साथ मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभा को भी नई पहचान मिली है।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नीरू ढांडा को स्वर्ण पदक जीतने तथा मनीषा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता राज्य की खेल अकादमियों में उपलब्ध कराई जा रही उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों के अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों खिलाड़ी भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश के लिए नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी।

इस उपलब्धि का श्रेय खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक अंशुमान यादव, संयुक्त संचालक बी.एस. यादव, शूटिंग अकादमी के प्रभारी, प्रशिक्षकों तथा विभाग के सहयोगी स्टाफ को भी दिया गया है, जिनके मार्गदर्शन और सतत प्रयासों से खिलाड़ियों ने यह सफलता अर्जित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित