मुंबई , नवंबर 08 -- मुंबई की विशेष एनआईए अदालत ने महाराष्ट्र आईएसआईएस आतंकवादी मॉड्यूल मामले में आरोपी डॉ. अदनान अली सरकार को दोषी ठहराते हुए छह साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
उस पर कुल 65 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अली को दोषी करार दिलाने में सफलता हासिल की है। एनआईए के अनुसार, विशेष अदालत ने आरोपी को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं 13, 18, 20, 38 और 39 और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 201 और 120-बी के तहत दोषी ठहराया।
एनआईए ने यह मामला 28 जून 2023 को गृह मंत्रालय से मिली सूचना के आधार पर स्वतः संज्ञान लेते हुए दर्ज किया था। सूचना में आईएसआईएस सदस्यों द्वारा भारत की एकता, अखंडता, सुरक्षा और संप्रभुता को खतरे में डालने की साजिश का उल्लेख किया गया था।
जांच में अंतरराष्ट्रीय संपर्कों और विदेश में मौजूद आईएसआईएस संचालकों से जुड़ी एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ। एनआईए के मुताबिक, आरोपी आईएसआईएस की चरमपंथी विचारधारा का प्रचार करने, संगठन के लिए भर्ती करने, आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाने और 'वॉयस ऑफ हिंद' तथा 'वॉयस ऑफ खुरासान' सहित संगठन की प्रचार सामग्री प्रसारित करने में शामिल था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित