रांची , सितंबर 10 -- झारखंड सरकार ने आईएएस अधिकारी विनय चौबे को निलंबन से मुक्त कर दिया है।
निलंबन मुक्त होने के बाद उन्होंने आज कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग में योगदान दे दिया है।
श्री चौबे को शराब घोटाले के मामले में एसीबी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद सरकार ने निलंबित कर दिया था। उन पर शराब कारोबार में मैनपावर सप्लाई करने वाली कंपनियों के साथ कथित साजिश कर सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप है। इसी मामले में एसीबी ने उन्हें गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद श्री चौबे के खिलाफ दो और मामले दर्ज किए गए थे। इन दोनों मामलों में उन पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए अपने करीबी लोगों के नाम पर गलत तरीके से जमीन का म्यूटेशन कराने का आरोप लगाया गया था।
इन मामलों में गिरफ्तारी के बाद उन्हें जेल भेजा गया था। बाद में अदालत से जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आए। अब राज्य सरकार ने उन्हें निलंबन से मुक्त कर दिया है, जिसके बाद उन्होंने कार्मिक प्रशासनिक विभाग में योगदान किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित