नयी दिल्ली , मई 26 -- चुनाव आयोग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एएसपीएस रवि प्रकाश को केंद्र शासित क्षेत्र पुडुचेरी का मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किये जाने की स्वीकृति प्रदान की है।

आयोग की ओर से इस बारे में पुडुचेरी के मुख्य सचिव को मंगलवार को इस संबंध में लिखे पर में यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं कि श्री प्रकाश इस पद की जिम्मेदारी संभालें। आयोग ने प्रशासन से इस पर एक सप्ताह के अंदर अनुपालना रिपोर्ट भेजने को कहा है। श्री प्रकाश 2011 बैच के आगमुट ( अरुणाचल प्रदेश, गोवा , मिजोरम और केंद्र शासित क्षेत्र) काडर के आईएएस अधिकारी हैं।

इससे पहले पुडुचेरी प्रशासन ने 22 मई को आयोग को एक पत्र भेजा था जिसमें कर मुख्य चुनाव अधिकारी के पद पर नियुक्ति के लिए तीन आईएएस अधिकारियों के नाम पर विचार करने की सिफारिश की थी। आयोग ने उनमें से श्री रवि प्रकाश के नाम को मंजूरी दे कर केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित