बीजापुर , फरवरी 23 -- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले बीजापुर में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) की चपेट में आने से विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का एक जवान गंभीर रुप से घायल हो गया है।
पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार जिले के दक्षिण क्षेत्र में सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम एरिया डॉमिनेशन और सर्चिंग अभियान पर रवाना हुई थी। इस दौरान टीम उन इलाकों में गश्त कर रही थी, जहां हाल के दिनों में माओवादियों की मौजूदगी की सूचनाएं मिल रही थीं। अभियान के दौरान ही एक संदिग्ध रास्ते से गुजरते समय अचानक जमीन के अंदर दबा हुआ प्रेशर आईईडी बम विस्फोटित हो गया। इस घटना में एसटीएफ का एक जवान गंभीर रुप से घायल हो गया। यह विस्फोट किसी जवान के पैर पड़ते ही शरीर के वजन के दबाव से हुआ, जो इन इलाकों में माओवादियों द्वारा अपनाई जाने वाली एक आम लेकिन खतरनाक रणनीति है।
विस्फोट की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई, लेकिन सुरक्षा बलों ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए पूरे क्षेत्र को घेर लिया और अन्य किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्कता बरती। घायल जवान को तत्काल प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल जवान की हालत स्थिर बनी हुई है और उसे विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में सर्च अभियान और तेज कर दिया है। आसपास के जंगलों में नक्सलियों की तलाश की जा रही है और इलाके में और अधिक जवानों को तैनात किया गया है। बीजापुर जिला लंबे समय से माओवादी गतिविधियों का केंद्र रहा है, और यहां आईईडी विस्फोट की घटनाएं समय-समय पर सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बनी रहती हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए लगातार रणनीति बना रही हैं और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए प्रयासरत हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित