नयी दिल्ली , जुलाई 10 -- भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की नयी वेबसाइट बन कर तैयार है और इसका परीक्षण जल्द ही शुरू होगा।

आईआरसीटीसी और रेलवे सूचना प्रणाली केन्द्र (क्रिस) के अधिकारियों ने राजस्थान के जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) के विद्यार्थियों को आईआरसीटीसी की नयी वेबसाइट का बीटा संस्करण दिखाया और उनकी राय मांगी। गौरतलब है कि जयपुर के एमएनआईटी के विद्यार्थियों ने कुछ हफ़्ते पहले आईआरसीटीसी की नयी वेबसाइट में कुछ कमियां बताई थीं और रेलवे के अधिकारियों ने उन कमियों को सुधारकर बेहतर वेबसाइट बनवाने की बात कही थी।

आईआरसीटीसी की इस नयी वेबसाइट को अभी भारतीय रेलवे के यात्री आरक्षण प्रणाली के साथ जोड़ा जा रहा है। रेलवे के अनुसार चूंकि यात्री आरक्षण प्रणाली को भी साथ-साथ बेहतर बनाया जा रहा है, इसलिए पूरी तरह से काम करने वाली आईआरसीटीसी की नयी वेबसाइट कुछ महीनों में उपलब्ध हो जाएगी।

रेलवे ने बताया कि आईआरसीटीसी ने बीटा संस्करण में चार बड़े सुधार किये हैं। नयी वेबसाइट में यात्री के प्रयास सुरक्षित रहेंगे।

रेलवे ने कहा है कि चार दशक पुराने यात्री आरक्षण प्रणाली को भी बेहतर बना रहे हैं, जो कई ट्रेन बुकिंग ऐप्स को चलाता है। रेलवे के अनुसार रेल वन ऐप अब तक चार करोड़ से अधिक बार डाउनलोड हो चुका है। यह सबसे बड़ा रेलवे टिकट बुकिंग ऐप बन गया है। रेल वन ऐप पर रेलवे की सभी सेवाएं एक ही जगह पर उपलब्ध हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित