नयी दिल्ली , फरवरी 25 -- रेल मंत्रालय के अधीनस्थ सार्वजनिक उपक्रम भारतीय रेलवे वित्त निगम (आईआरएफसी) के 'ऑफर फॉर सेल' (ओएफएस) में पहले दिन बड़े निवेशकों से करीब 95 प्रतिशत शेयरों के लिए बोली प्राप्त हुई।

ओएफएस बुधवार को खुला। पहले दिन गैर-खुदरा निवेशकों के लिए 23,52,33,108 शेयर उपलब्ध थे। साथ ही, ग्रीन शू विकल्प के तहत इतने ही अतिरिक्त शेयर रखे गये थे।

बीएसई से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज 22,34,28,865 शेयरों के लिए बोली प्राप्त हुई जो कुल उपलब्ध शेयरों का 94.98 प्रतिशत है। इसमें 89.50 प्रतिशत शेयरों के लिए बोली न्यूनतम मूल्य (104 रुपये) पर लगायी गयी है।

खुदरा निवेशकों के लिए ओएफएस गुरुवार को खुलेगा। उनके लिए 2,61,37,012 शेयर उपलब्ध होंगे। साथ ही, इतने ही शेयर ग्रीन शू विकल्प के तहत रखे गये हैं।

आईआरएफसी के शेयर आज 4.85 रुपये (4.43 प्रतिशत) टूटकर 104.55 रुपये पर बंद हुए।

सरकार ने आईआरएफसी में अपनी दो प्रतिशत हिस्सेदारी (26,13,70120 शेयर) बेचने की पेशकश की है। इस निर्गम में इतने का ही शेयरों का ग्रीन शू विकल्प भी रखा गया है। खुदरा निवेशकों के लिए 10 प्रतिशत शेयर आरक्षित रखे गये हैं। कंपनी में सरकार की वर्तमान हिस्सेदारी 86.36 प्रतिशत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित