धनबाद , जुलाई 13 -- झारखंड के अलाआईआईटी (आईएसएम) धनबाद के नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले सीआईआईई आईआईटी (आईएसएम) धनबाद फाउंडेशन ने रोबोएज ऑटोमेशन सॉल्यूशंस एलएलपी के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस साझेदारी का उद्देश्य रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, मशीन विजन तथा इंडस्ट्री 4.0 एवं 5.0 जैसी अत्याधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना है।
इस एमओयू के तहत दोनों संस्थाएं एआई आधारित रोबोटिक्स, इंटेलिजेंट ऑटोमेशन, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, मशीन विजन, संयुक्त रिसर्च, प्रोटोटाइप डेवलपमेंट, टेक्नोलॉजी वैलिडेशन, इंटर्नशिप, स्किल डेवलपमेंट, मेंटरिंग, एक्सपर्ट लेक्चर और इंडस्ट्री आधारित इनोवेशन प्रोजेक्ट्स पर मिलकर काम करेंगी। इससे छात्रों, शोधार्थियों, स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स को आधुनिक तकनीकों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण और वास्तविक औद्योगिक समस्याओं के समाधान पर काम करने का अवसर मिलेगा।
सीआईआईई आईआईटी (आईएसएम) धनबाद फाउंडेशन संस्थान का इनोवेशन और स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने वाला प्रमुख मंच है। यह टेक्नोलॉजी आधारित स्टार्टअप्स को इन्क्यूबेशन, मेंटरिंग, इंडस्ट्री नेटवर्किंग, फंडिंग से जुड़ी सहायता तथा अपने नवाचारों को बाजार तक पहुंचाने में सहयोग प्रदान करता है।
आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के डीन (इनोवेशन एंड कॉरपोरेट रिलेशंस) प्रो. आलोक कुमार दास ने कहा, "यह साझेदारी छात्रों और स्टार्टअप्स को भविष्य की तकनीकों के साथ काम करने का बेहतर अवसर देगी। उद्योग और अकादमिक जगत के बीच मजबूत तालमेल से इनोवेशन को नई गति मिलेगी और देश के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार होंगे।"रोबोएज ऑटोमेशन सॉल्यूशंस एलएलपी की औद्योगिक विशेषज्ञता और सीआईआईई आईआईटी (आईएसएम) धनबाद फाउंडेशन के नवाचार इकोसिस्टम का यह मेल देश में तकनीकी विकास, स्टार्टअप संस्कृति और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित