रूपनगर , अक्टूबर 09 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), रोपड़ ने शुक्रवार को भारतीय सेना के आर्मर्ड कोर सेंटर एंड स्कूल (एसीसीएंडएस) के 59 अधिकारियों को रक्षा प्रौद्योगिकी में एमटेक की डिग्रियां प्रदान की हैं। इस विशेष पाठ्यक्रम का यह पहला बैच है, जिसे सैन्य जरूरतों और रक्षा क्षेत्र में तकनीकी अनुप्रयोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर स्थित एसीसीएंडएस में आयोजित समारोह में आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रो. राजीव आहूजा ने अधिकारियों को डिग्रियां प्रदान कीं। इस अवसर पर एसीसीएंडएस के कमांडेंट मेजर जनरल विक्रम वर्मा और आईआईटी रोपड़ के स्नातकोत्तर एवं अनुसंधान विभाग के डीन डॉ. सारंग गुम्फेकर भी मौजूद थे।
प्रो. आहूजा ने कहा कि इस कार्यक्रम से कक्षा में अर्जित ज्ञान को युद्धक्षेत्र की जरूरतों से जोड़ने में मदद मिलेगी और अधिकारी देश में स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकियों के विकास में योगदान दे सकेंगे। आईआईटी रोपड़ और एसीसीएंडएस ने संयुक्त रूप से यह पाठ्यक्रम विकसित किया है। इसमें व्यावहारिक प्रशिक्षण, शोध और तकनीकी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया है। पाठ्यक्रम पूरा करने वाले अधिकारियों से बख्तरबंद सैन्य इकाइयों के तकनीकी आधुनिकीकरण और रक्षा विनिर्माण में स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने की अपेक्षा है। दोनों संस्थानों के बीच सहयोग के तहत बख्तरबंद वाहनों की तकनीक, उन्नत हथियार प्रणालियों और नई सामग्रियों के क्षेत्र में संयुक्त अनुसंधान एवं विकास का ढांचा भी तैयार किया गया है। यह पहल रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य के अनुरूप है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित