रुड़की , मार्च 12 -- उत्तराखंड के आईआईटी रुड़की में 13 से 15 मार्च तक वार्षिक तकनीकी महोत्सव कॉग्निज़ेंस 2026 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव में देशभर के युवा नवप्रवर्तक, तकनीकी विशेषज्ञ और विद्यार्थी एक मंच पर जुटेंगे।

इस वर्ष महोत्सव की विषय-वस्तु एम्पीरियन टेक्नोजेनेसिस रखी गई है, जो समाज के भविष्य को आकार देने में प्रौद्योगिकी की परिवर्तनकारी भूमिका को दर्शाती है। आयोजन में देश के 3000 से अधिक महाविद्यालयों के लगभग 25 हजार विद्यार्थियों के भाग लेने की संभावना है।

आईआईटी रुड़की के निदेशक कमल किशोर पंत ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि कॉग्निज़ेंस एशिया के प्रमुख छात्र-संचालित तकनीकी महोत्सवों में से एक है। महोत्सव के दौरान 50 से अधिक तकनीकी प्रतियोगिताएं और आयोजन किए जाएंगे। इनमें आर्मागेडन, फ्लाइट फ्यूरी, स्काइथ सीटीएफ और इनोववेव जैसी प्रमुख प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के लिए कुल 50 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

महोत्सव में 15 से अधिक उद्योग-नेतृत्व वाले प्रशिक्षण सत्र और विशेषज्ञ व्याख्यान भी आयोजित होंगे। इनमें माइक्रोसॉफ्ट , मइत्रा , मीशो और अमेरिकन एक्सप्रेस जैसी कंपनियों के विशेषज्ञ प्रतिभागियों को नई प्रौद्योगिकियों, उद्योग संबंधी अनुभव और उद्यमिता के अवसरों की जानकारी देंगे।

आईआईटी रुड़की के निदेशक ने यह भी कहा कि कॉग्निज़ेंस नवाचार, जिज्ञासा और तकनीकी उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने वाला मंच है। ऐसे आयोजन युवाओं को नए विचारों को व्यवहारिक समाधान में बदलने तथा देश की तकनीकी प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।

महोत्सव के दौरान तकनीकी गतिविधियों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, मासिक धर्म स्वास्थ्य और ग्रामीण शिक्षा जैसे सामाजिक विषयों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित