रुड़की , मार्च 11 -- उत्तराखंड में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की और बिट्स पिलानी ने अभियांत्रिकी और विज्ञान के क्षेत्रों में शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उन्नत प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को दीर्घकालिक सहयोग स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत और बिट्स पिलानी के कुलपति प्रो. वी. रामगोपाल राव ने किया। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के वरिष्ठ नेतृत्व, संकाय सदस्य और शोधकर्ता उपस्थित रहे।

दोनों संस्थानों ने बहु विषयी अनुसंधान, सतत प्रौद्योगिकियों और मानव संसाधन विकास के माध्यम से राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को हल करने में सहयोग के महत्व पर जोर दिया। समझौता ज्ञापन के तहत प्रयोगशालाओं, अनुसंधान अवसंरचना, संकाय विशेषज्ञता और पीएचडी शोधार्थियों के लिए संसाधनों का साझा उपयोग किया जाएगा।

इस सहयोग के माध्यम से पीएचडी और मास्टर स्तर के विद्यार्थियों के संयुक्त मार्गदर्शन, सहयोगात्मक छात्र परियोजनाएं, संकाय आदान-प्रदान, प्रायोजित और उद्योग-समर्थित अनुसंधान तथा राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप संयुक्त अनुसंधान प्रस्तावों के विकास को बढ़ावा मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित