मुंबई , सितंबर 22 -- महाराष्ट्र के मुंबई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे के 22 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या को लेकर संस्थान के मुख्य द्वार के बाहर प्रदर्शन कर रहे रामदास अठावले के नेतृत्व वाली रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) और भारत मुक्ति मोर्चा के दर्जनों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मंगलवार को हिरासत में ले लिया।

पवई थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये कार्यकर्ता बिना अनुमति के परिसर के बाहर एकत्र हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने तख्तियां लेकर नारेबाजी की और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के इस्तीफे की मांग की। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लेकर पवई थाने भेज दिया और आईआईटी परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी।

ऊर्जा विज्ञान और इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे 18 सितंबर की शाम पवई परिसर स्थित अपने छात्रावास के कमरे में फांसी के फंदे से लटके पाए गए थे। पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब छात्र को कथित तौर पर मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान चैटजीपीटी का उपयोग कर उत्तर प्राप्त करने के लिए मोबाइल फोन से सवाल अपलोड करते हुए पकड़ा गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित