वाराणसी , सितंबर 1 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-बीएचयू के स्कूल ऑफ बायोकेमिकल इंजीनियरिंग के एसोसिएट प्रोफेसर एवं समन्वयक प्रो. प्रांजल चंद्र, एफएनएएससी को इलेक्ट्रोकेमिकल सोसायटी ऑफ इंडिया-मेट्रोहम राष्ट्रीय पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया है।

आईआईटी-बीएचयू की ओर से मंगलवार को बताया गया कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें 29 अगस्त को भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु में प्रदान किया गया। प्रो. चंद्र को इलेक्ट्रोकेमिकल बायोसेंसर, नैनोबायोइंजीनियरिंग और उन्नत सेंसिंग तकनीकों के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया।

प्रो. चंद्र की प्रयोगशाला में कई पेटेंट एवं ट्रांसलेशनल तकनीकों के साथ नवीन डायग्नोस्टिक प्लेटफॉर्म और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े उन्नत सेंसिंग उपकरण विकसित किए गए हैं। उनके शोध का उद्देश्य वैज्ञानिक नवाचारों को व्यावहारिक तकनीकों में परिवर्तित कर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान विकसित करना है।

पुरस्कार समारोह के दौरान प्रो. चंद्र ने आईआईएससी के जेएन टाटा ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय पुरस्कार व्याख्यान भी दिया और अपने शोध तथा इलेक्ट्रोकेमिकल बायोसेंसिंग के क्षेत्र में नवीनतम विकास पर प्रकाश डाला। आईआईटी-बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने इस उपलब्धि पर प्रो. चंद्र को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान संस्थान के लिए गौरव का विषय है और इससे समाजोपयोगी अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में आईआईटी-बीएचयू की बढ़ती प्रतिष्ठा प्रदर्शित होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित