कानपुर , जुलाई 31 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर ने कार्यरत पेशेवरों और स्नातक अभ्यर्थियों के लिए "एडवांस्ड डेटा साइंस एंड मशीन लर्निंग फॉर बिजनेस एनालिटिक्स" नामक छह माह का ऑनलाइन सर्टिफिकेट कार्यक्रम शुरू किया है।

यह कोर्स तीन अक्टूबर, 2026 से आरंभ होगा और इसका उद्देश्य प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मशीन लर्निंग (एमएल) तथा बिजनेस एनालिटिक्स के क्षेत्र में उद्योगोन्मुखी कौशल प्रदान करना है।

आईआईटी कानपुर की ओर से शनिवार को जारी जानकारी के अनुसार, एआई और मशीन लर्निंग के बढ़ते उपयोग को देखते हुए यह कार्यक्रम इस प्रकार तैयार किया गया है कि प्रतिभागी डेटा आधारित तकनीकों का उपयोग कर बेहतर व्यावसायिक निर्णय लेने, नवाचार को बढ़ावा देने और वास्तविक कारोबारी समस्याओं के समाधान की क्षमता विकसित कर सकें।

संस्थान के अनुसार, वित्त, विपणन, कंसल्टिंग, संचालन, उत्पाद प्रबंधन और बिजनेस एनालिटिक्स जैसे क्षेत्रों में एआई और एमएल तेजी से बदलाव ला रहे हैं। ऐसे में डेटा एनालिटिक्स और मशीन लर्निंग की समझ रखने वाले पेशेवरों की मांग लगातार बढ़ रही है।

आईआईटी और आईआईएम के विशेषज्ञ शिक्षकों के सहयोग से तैयार इस कार्यक्रम में पायथन और आर प्रोग्रामिंग, डेटा विश्लेषण, डेटा विजुअलाइजेशन, मशीन लर्निंग तथा जनरेटिव एआई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिभागियों को वास्तविक व्यावसायिक समस्याओं के समाधान, नियमित प्रक्रियाओं के स्वचालन तथा डेटा से उपयोगी व्यावसायिक अंतर्दृष्टि विकसित करने का अनुभव भी मिलेगा।

कार्यक्रम समन्वयक एवं आईआईटी कानपुर के प्रबंधन विज्ञान विभाग के संकाय सदस्य प्रो. अभिनव त्रिपाठी ने कहा कि तेजी से बदलते पेशेवर परिवेश में एआई और मशीन लर्निंग से जुड़ी दक्षताएं अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने विषयगत ज्ञान के साथ इन नई तकनीकों की समझ विकसित करनी चाहिए, ताकि वे डेटा आधारित समाधान तैयार कर सकें और संस्थानों में परिवर्तन का नेतृत्व कर सकें। उनके अनुसार यह कार्यक्रम प्रतिभागियों को एआई, मशीन लर्निंग और बिजनेस एनालिटिक्स का व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुखी ज्ञान प्रदान करेगा, जिससे वे वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।

संस्थान के मुताबिक, कार्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक डिग्री आवश्यक है। हालांकि संबंधित क्षेत्र में तीन वर्ष या उससे अधिक का कार्य अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी न्यूनतम 40 प्रतिशत अंकों के साथ भी आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए आवेदन सितंबर 2026 के मध्य तक स्वीकार किए जाएंगे।

आईआईटी कानपुर ने इच्छुक अभ्यर्थियों से कार्यक्रम की पात्रता, शुल्क, आवेदन प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी ऑनलाइन कार्यक्रम पोर्टल पर प्राप्त करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित