बेंगलुरु , सितंबर 29 -- कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल छू लेने वाली घटना सामने आयी है, जहां सड़क दुर्घटना में आईआईएम-बेंगलुरु के एक छात्र के गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी आर्थिक मदद के लिए पूर्व विद्यार्थियों से की गयी अपील ने महज दो घंटे में 18 लाख रुपये का लक्ष्य पूरा कर लिया। अभियान के अंत तक 267 पूर्व छात्रों ने मिलकर 20.11 लाख रुपयेका योगदान दिया।
पच्चीस सितंबर की सुबह छात्र के इलाज के लिए 18 लाख रुपये की आर्थिक सहायता जुटाने की अपील पूर्व विद्यार्थियों के बीच साझा की गयी थी। दो घंटे के भीतर निर्धारित राशि जुटा ली गयी।आईआईएम-बेंगलुरु एलुमनी एसोसिएशन (आईआईएमबीएए) के अनुसार, विभिन्न बैच और पीढ़ियों के पूर्व विद्यार्थियों ने आर्थिक सहयोग के अलावा अपील को आगे साझा किया, अन्य पूर्व विद्यार्थियों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया और अपने नेटवर्क के जरिए मदद जुटाने में योगदान दिया। आईआईएमबीएए के अध्यक्ष हरीश मित्तल (पीजीपी '88) ने कहा, " मुझे यह देखकर गर्व है कि आईआईएमबीएए एक वास्तविक समुदाय बन रहा है, जहां जरूरत के समय लोग एक-दूसरे की मदद के लिए साथ आते हैं। आखिरकार, यही एक समुदाय करता है। एक समुदाय परवाह करताहै। "अभियान में 18 लाख रुपये के लक्ष्य के मुकाबले दो लाख रुपये से अधिक अतिरिक्त राशि जुटाई गयी। आईआईएमबीएए ने योगदान देने, अपील साझा करने और अन्य पूर्व विद्यार्थियों से संपर्क कर अभियान में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
एसोसिएशन ने आईआईएम-बेंगलुरु के प्रभारी निदेशक प्रोफेसर दिनेश कुमार, प्रोफेसर मनस्विनी भल्ला, प्रोफेसर राजलक्ष्मी वैष्णव मूर्ति तथा आईआईएमबीएए के उपाध्यक्ष डॉ राजबीर सिंह (पीजीपी '92) और सरवन कृष्ण एम. (वाईएलपी '20) के सहयोग को भी सराहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित