कोच्चि , जुलाई 19 -- भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) कोझिकोड ने कलामास्सेरी में अपने नये कोच्चि परिसर का उद्घाटन किया है। यह शहरी शिक्षण केंद्र प्रौद्योगिकी आधारित प्रबंधन शिक्षा, कार्यकारी प्रशिक्षण, शोध और उद्योगों के साथ सहयोग को बढ़ावा देगा।

आईआईएम कोझिकोड के निदेशक प्रो. देबाशीष चटर्जी ने छह मंजिला परिसर का उद्घाटन करते हुए कहा कि 2026 में संस्थान की 30वीं वर्षगांठ से पहले यह एक नए अध्याय की शुरुआत है। समारोह में कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड (केएमआरएल) के प्रबंध निदेशक लोकनाथ बेहरा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे।

कोचीन विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के निकट स्थित 40,000 वर्ग फुट में फैला यह परिसर केएमआरएल द्वारा विकसित किया गया है। इसमें स्मार्ट कक्षाएं, आधुनिक डिजिटल शिक्षण सुविधाएं, पुस्तकालय, कैफेटेरिया और छात्रों के लिए संवाद स्थल जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

संस्थान के अनुसार, यह केंद्र हाइब्रिड और ब्लेंडेड लर्निंग मॉडल को बढ़ावा देगा तथा छात्रों, शिक्षकों, उद्योग जगत और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर सहयोग सुनिश्चित करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित