नयी दिल्ली , जून 25 -- किशोर कुमार, शिवराज बाबू, कमाली मूर्ति और शुगर शांति बनारसे एशियन गेम्स 2026 में चार सदस्यीय भारतीय सर्फिंग टीम का हिस्सा होंगे। एशियाई खेल जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होंगे।
एसएफआई एशियन गेम्स सेलेक्शन समिति की सिफारिशों के बाद सर्फिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने इस बड़े महाद्वीपीय इवेंट में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुने गए एथलीटों के नामों का ऐलान किया। सर्फिंग आइची-नागोया 2026 एशियाई खेलों में अपना डेब्यू करेगी। इसके मुकाबले 25 से 29 सितंबर के बीच आइची प्रान्त के तहारा शहर में पैसिफिक लॉन्ग बीच पर आयोजित किए जाएंगे।
पुरुष और महिला दोनों ही इवेंट में भारत अपनी चुनौती पेश करेगा।
भारत की एशियन गेम्स 2026 की सर्फिंग टीमपुरुष: किशोर कुमार, शिवराज बाबू, रमेश बुदिहाल (रिजर्व), श्रीकांत डी (रिजर्व)महिला: कमाली मूर्ति, शुगर शांति बनारसे, सृष्टि सेल्वम (रिजर्व), देवी रामनाथन (रिजर्व)चयन प्रक्रिया में नेशनल सर्फिंग सीरीज में खासतौर पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन, सेलेक्शन कैंप, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का अनुभव और नेशनल कोचिंग स्टाफ के आकलन को ध्यान में रखा गया है।
इन बातों को ध्यान में रखते हुए कमिटी ने पुरुष और महिला टीमों को अंतिम रूप दिया। हर कैटेगरी में दो चुने हुए एथलीट और दो रिजर्व एथलीट शामिल थे।
मेंस टीम में किशोर कुमार, जो महाबलीपुरम में 2025 एशियन सर्फिंग चैंपियनशिप में सेमीफाइनलिस्ट रहे थे और शिवराज बाबू शामिल हैं। एसएफआई रैंकिंग में दोनों ही सर्फर अभी भारत के टॉप सर्फर के तौर पर बराबरी पर हैं। हालांकि, रमेश बुदिहाल, जिन्होंने पिछले साल एशियन सर्फिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर पहला भारतीय व्यक्तिगत पदक हासिल किया था। उन्हें रिजर्व में जगह मिली है।
2024 एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य श्रीकांत डी भी रिजर्व खिलाड़ी हैं।
वहीं, महिला टीम में कई बार की नेशनल चैंपियन और मौजूदा समय में भारत की नंबर 1 खिलाड़ी कमाली मूर्ति और नंबर 2 खिलाड़ी शुगर शांति बनारसे शामिल होंगी। यह दोनों सर्फर लगातार देश के शानदार खिलाड़ियों में शुमार रही हैं। महिला कैटेगरी में भारतीय रिजर्व एथलीट के तौर पर सृष्टि सेल्वम और देवी रामनाथन को शामिल किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित