सहारनपुर , जुलाई 08 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए चिलकाना रोड स्थित एक प्रतिष्ठान से आंवला मुरब्बा का नमूना जांच के लिए लिया है।

शासन के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में लगातार छापेमार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में चिलकाना रोड स्थित आर.के. पुरम में संचालित क्राफ्ट फूड्स प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर विजय मदान उपस्थित मिले।

टीम ने पाया कि प्रतिष्ठान पर मुरब्बा और अचार के निर्माण का कार्य किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से संबंधित कुछ कमियां मिलने पर प्रतिष्ठान संचालक को सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी की गई।

विभागीय टीम ने किचन गार्डन ब्रांड के तैयार आंवला मुरब्बा का नमूना संग्रहित कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी जवाहरलाल, जगदंबा प्रसाद, सुमन पाल, विनोद कुमार, अमित कुमार गौतम और प्रदीप तिवारी भी मौजूद रहे।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि जनहित में खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा और खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा मानकों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित