विजयवाड़ा , मई 20 -- आंध्र प्रदेश के कृषि मंत्री के अच्चन्नायडू ने रायलसीमा क्षेत्र को देश के सबसे बड़े बागवानी केंद्रों में से एक के रूप में विकसित करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहरायी है।
श्री अच्चन्नायडू ने बुधवार को यहां कहा कि रायलसीमा क्षेत्र, जो कई दशकों से पिछड़ा था, अब तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।उन्होंने कहा, "सरकार ने रायलसीमा क्षेत्र को देश के सबसे बड़े बागवानी केंद्रों में से एक के रूप में विकसित करने के लिए 'रायलसीमा एकीकृत बागवानी विकास योजना' (आरआईएचडी) को लागू करने के आदेश जारी किये हैं। रायलसीमा क्षेत्र में बागवानी गतिविधियों के लिए प्रचुर अवसर उपलब्ध हैं।"उन्होंने बताया कि रायलसीमा क्षेत्र में ड्रिप इरिगेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है, और कोल्ड स्टोरेज व खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की जा रही हैं। अब रायलसीमा क्षेत्र में फल, सब्जियां और मसालों सहित बागवानी फसलों की पैदावार बढ़ायी जा रही है।
उन्होंने बताया, "आंध्र प्रदेश में वर्तमान में 8.41 लाख हेक्टेयर में बागवानी फसलों की खेती की जा रही है और सरकार ने आगामी वर्षों में बागवानी फसलों के रकबे को बढ़ाकर 14.41 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा है। इसी के हिस्से के रूप में, आरआईएचडी योजना तैयार की गयी है और इसे लागू किया जा रहा है।"कृषि मंत्री ने उम्मीद जतायी कि रायलसीमा में बागवानी के विकास से किसानों के जीवन स्तर में सुधार होगा और क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसरों का सृजन होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित