विजयवाड़ा , जुलाई 25 -- आंध्र प्रदेश में विपक्षी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के राज्य समन्वयक सज्जाला रामकृष्ण रेड्डी ने पार्टी की छात्र एवं युवा शाखाओं से 28 जुलाई को होने वाली राज्यव्यापी विरोध रैलियों को सफल बनाने का आह्वान किया है।
उन्होंने पार्टी सदस्यों से कहा कि वे बड़े पैमाने पर छात्रों, युवाओं, डीएससी उम्मीदवारों और बेरोजगार समूहों को एकजुट करें। पार्टी नेताओं के साथ टेलीकॉन्फ्रेंस में बात करते हुए श्री रेड्डी ने कहा कि इस कैंपेन का ध्यान शिक्षा मंत्री नारा लोकेश के इस्तीफे की मांग पर होना चाहिए। उन्होंने डीएससी भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का उल्लेख करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का उदाहरण दिया, जिन्होंने नीट में गड़बड़ियों को लेकर देशव्यापी विरोध-प्रदर्शनों के बाद इस्तीफा दिया था।
श्री रेड्डी ने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी के साफ़ सबूत हैं जिसमें अमान्य प्रमाणपत्र के आधार पर खेल कोटे के तहत लगभग 400 डीएससी पद आवंटित करना भी शामिल है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि एक ही व्यक्ति को परीक्षक और संयोजक, दोनों की ज़िम्मेदारियां सौंपी गई थीं, जबकि प्रश्न-पत्र तैयार करने का काम एक आउटसोर्स कर्मचारी से कराया गया जिससे गंभीर खामियां हुईं।
उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शनों में 10,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा की बकाया शुल्क प्रतिपूर्ति और बेरोज़गार युवाओं को 3,000 रुपये का मासिक बेरोज़गारी भत्ता देने का वादा पूरा नहीं करने सरकार की कथित नाकामयाबी को भी उठाया जाना चाहिए।
वाईएसआरसीपी ने पार्टी नेताओं को निर्देश दिया कि वे हर ज़िले में तटस्थ छात्रों, डीएससी उम्मीदवारों, युवा संगठनों और आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करें ताकि रैलियों को एक व्यापक जन-आंदोलन बनाया जा सके।
पार्टी ने रविवार से विश्वविद्यालयों, छात्रावासों और कॉलेजों में छोटे ग्रुप की मीटिंग करने का फ़ैसला किया है। साथ ही, ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुंचने और उन्हें जोड़ने के लिए वाट्सअप ग्रुप, सोशल मीडिया कैंपेन, संवाददाता सम्मेलन और वीडियो का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाएगा।
इसमें नेताओं को यह भी निर्देश दिया गया कि वे विश्वविद्यालयों और इंजीनियरिंग कॉलेजों में पोस्टर अभियान तुरंत पूरे करें और डीएससी उम्मीदवारों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करके उन्हें विरोध प्रदर्शनों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें।
एसएलसी लेल्ला अप्पी रेड्डी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे देश भर में हुए उन विरोध-प्रदर्शनों से प्रेरणा लें जिनके कारण केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंन्द्र प्रधान को इस्तीफ़ा देना पड़ा था और 28 जुलाई को सभी ज़िलों में होने वाले प्रदर्शनों को सफल बनाने के लिए काम करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित