विजयवाड़ा , अक्टूबर 30 -- चक्रवात से प्रभावित आंध्र प्रदेश के कोनासीमा और पूर्वी गोदावरी जिलों में बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। इस काम में तेजी लाने के लिए पश्चिम बंगाल और झारखंड से अतिरिक्त कर्मचारियों को बुलाया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि कोनासीमा जिले में बिजली बहाली के काम में 2,000 से अधिक कर्मचारी जुटे हुए हैं। यह जिला चक्रवात की सबसे भीषण मार झेलने वाला इलाका है।
अधिकारियों के अनुसार, आंध्र प्रदेश पूर्वी विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एपीईपीडीसीएल) के अधिकार क्षेत्र में आने वाले 5,404 गांवों में बिजली गुल हो गयी थी, जिनमें से 4,881 गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी है। प्रभावित 552 सबस्टेशनों में से 513 को चालू कर दिया गया है, जबकि बाकी 39 सबस्टेशनों पर काम चल रहा है। कोनासीमा जिले के कुछ इलाकों में गुरुवार रात को ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी थी। बाकी इलाकों में भी बहाली का काम तेजी से चल रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इन मरम्मत कार्यों के चलते, जरूरी सुधार कार्य करने के लिए दिन के समय बिजली आपूर्ति रोकी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित