टेक्कली (श्रीकाकुलम) , सितंबर 23 -- आंध्र प्रदेश में श्रीकाकुलम जिले के रविवालसा क्षेत्र में बर्मा कॉलोनी के पास बुधवार को राज्यरानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से इंटरमीडिएट के चार छात्रों की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
रेलवे पुलिस के अनुसार, ये छात्र टेक्कली की ओर रेलवे ट्रैक के किनारे पैदल चल रहे थे, तभी ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान गंगुवाड़ा विशाखराव (17), जन्नी दिलीप कुमार (17), जन्नी शरथ कुमार (17) और सावरा शिवा (17) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल 18 वर्षीय गंगुवाड़ा सलमान राजू को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
राज्य के कृषि मंत्री किंजरापू अच्चन्नायडू ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता प्रदान करने के निर्देश दिये। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित