पाडेरू , अक्टूबर 24 -- आंध्र प्रदेश में अल्लूरी सीताराम राजू जिले के पीसी मामिडी गांव में शनिवार को एक निर्माणाधीन घाट रोड पर जिलेटिन की छड़ों से भरे वाहन में हुए भीषण विस्फोट में एक महिला शिक्षिका समेत सात लोगों की मौत हो गयी।
विस्फोट इतना जोरदार था कि पांच शवों के चिथड़े उड़ गए और उनके अंग दूर-दूर तक जा गिरे। वहीं, टक्कर के प्रभाव से वाहन के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब सड़क निर्माण के लिए पहाड़ी को उड़ाने हेतु जिलेटिन की छड़ें ले जा रहे वाहन में डीजल भरा जा रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गयी और वाहन एक तेज धमाके के साथ लपटों से घिर गया।
मृतकों की पहचान सरकारी स्कूल की शिक्षिका सुनीता, वाहन चालक प्रवीण, निर्माण श्रमिक नारायण राव, पवन कुमार, मणि, हेल्पर नासिरुद्दीन और टिंकू के रूप में हुई है। नासिरुद्दीन असम का तथा टिंकू बिहार का रहने वाला था। मृतक सुनीता मद्रेबू गांव के एमपीपी स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।
उपमुख्यमंत्री के. पवन कल्याण ने इस हादसे में सात लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक और दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घटना की व्यापक जांच के आदेश दिये हैं और शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। गृह मंत्री वी. अनिता ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से बात कर प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित