विजयवाड़ा , जुलाई 16 -- आंध्र प्रदेश में 26 जून से 16 जुलाई के बीच कोविड के 12 मामले सामने आए हैं, जिनमें से चार लोगों की मौत हुई है।

राज्य के स्वास्थ्य सचिव वीरपांडियन ने गुरुवार को बताया कि 26 जून से 16 जुलाई के बीच कोरोनावायरस से चार लोगों की मौत हुई है। इनमें से तीन मामले कडप्पा जिले से और एक मामला काकीनाडा जिले से था। ये चारों लोग पहले से ही गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे और कोविड से संक्रमित थे।

इस साल कोविड का पहला मामला 26 जून को कडप्पा जिले में सामने आया था, जबकि एक जुलाई से 16 जुलाई के बीच 11 और लोगों में कोविड की पुष्टि हुई। अकेले कडप्पा जिले में कोरोनावायरस के आठ मामले दर्ज किए गए। गुंटूर जिले में दो मामले और विशाखापत्तनम व काकीनाडा जिलों में एक-एक मामला दर्ज किया गया। इन पांच लोगों के स्वाब के नमूने जांच के लिए पुणे स्थित नेशनल वायरोलॉजी इंस्टीट्यूट भेजे गए थे।

श्री वीरपांडियन ने बताया कि कोविड से संक्रमित दो लोगों का इलाज चल रहा है, जबकि तीन को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों, चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क कर दिया गया है और चिंता करने की कोई बात नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित