विजयवाड़ा , मार्च 26 -- आंध्र प्रदेश के नागरिक आपूर्ति मंत्री नादेंडला मनोहर ने गुरुवार को कहा कि राज्य में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है।
श्री मनोहर ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विजयवाड़ा, गुंटूर, काकीनाडा, नेल्लोर, विशाखापत्तनम और तिरुपति में एलपीजी उपभोक्ताओं को पाइप्ड प्राकृतिक गैस (पीएनजी) उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अपार्टमेंट और औद्योगिक इकाइयां अगर पीएनजी का उपयोग करती हैं तो केंद्र सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया है कि एक महीने के भीतर एक लाख पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि तिरुपति, विजयवाड़ा कनकदुर्गा देवस्थानम, श्री कालाहस्ती, अन्नावरम और सिम्हाचलम जैसे प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों में पीएनजी कनेक्शन स्थापित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि अन्ना कैंटीन को भी पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया है। इसके अंतर्गत, पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले अपार्टमेंट, होटल, अन्य वाणिज्यिक एवं औद्योगिक इकाइयों को 24 घंटे के अंदर पीएनजी कनेक्शन देने के लिए कदम उठाए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर स्वचालित अनुमोदन प्रणाली लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता पीएनजी का उपयोग करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं क्योंकि पिछली सरकार ने जीएसटी को पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर दिया था। उन्होंने कहा कि पीएनजी उपभोक्ताओं पर भी दीपम सब्सिडी योजना लागू करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
नागरिक आपूर्ति मंत्री ने खुलासा किया कि जहां दीपम योजना के अंतर्गत हर चार महीने में एक मुफ्त सिलेंडर प्रदान किया जाता है, वहीं नियमों के अनुसार बदलाव किए जाएंगे ताकि पीएनजी के उपभोक्ताओं को हर दो महीने में एक बार सब्सिडी का लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीन सिलेंडरों से संबंधित 2,400 रुपये की डीबीटी राशि पीएनजी उपभोक्ताओं को हस्तांतरित की जाएगी और बताया किसोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों का खंडन करते हुए मंत्री ने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 2,70,000 गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा, "हालांकि, सोशल मीडिया पर गैस की कमी को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों के कारण कुछ शर्मनाक स्थितियां उत्पन्न हुई है क्योंकि उपभोक्ताओं ने बिना आवश्यकता के भी गैस सिलेंडर बुक करा लिए हैं।"उन्होंने बताया कि आमतौर पर प्रतिदिन 27 लाख से 28 लाख सिलेंडर वितरित किए जाते हैं और जबकि हाल ही में कई बार एक ही दिन में 33 लाख सिलेंडर भी वितरित किए गए हैं। उन्होंने गैस और तेल की कालाबाजारी करने वालों या उन्हें अधिक कीमत पर बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित