अमलापुरम , सितंबर 02 -- आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के. पवन कल्याण के जन्मदिन समारोह के दौरान बुधवार को कोनसीमा जिले के ओडलारेवु गांव में फ्लेक्सी बैनर लगाते समय एक बीटेक छात्र की करंट लगने से मौत हो गयी, जबकि दो अन्य युवक झुलस गये।
पुलिस के अनुसार, कुछ युवक अभिनेता से नेता बने पवन कल्याण का जन्मदिन मना रहे थे। इसी दौरान वे फ्लेक्सी बैनर लगा रहे थे। तभी एक युवक का संपर्क उच्च क्षमता वाली विद्युत तार से हो गया और उसकी मौके पर ही करंट लगने से मौत हो गयी।
मृतक की पहचान रोल्ला प्रेम कुमार (21) के रूप में हुई है। हादसे में झुलसे दो अन्य युवकों को अमलापुरम के राजकीय सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित