विजयवाड़ा , जुलाई 12 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल पहुंचकर उपमुख्यमंत्री के. पवन कल्याण से मुलाकात की।
श्री नायडू ने उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और पवन कल्याण की पत्नी से बात की। उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के दाहिने कंधे का अस्पताल में ऑपरेशन हुआ है। श्री नायडू ने मीडिया को बताया कि सर्जरी के बाद पवन कल्याण के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
आंध्र प्रदेश के राजस्व मंत्री अनागनी सत्य प्रसाद, नागरिक आपूर्ति मंत्री नादेंदला मनोहर और राज्यसभा सांसद लिंगमनेनी रमेश ने भी आज अस्पताल जाकर पवन कल्याण से मुलाकात की।
इस बीच, कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल ने रविवार को जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया कि उपमुख्यमंत्री के दाहिने कंधे की 'रोटेटर कफ' में चोट पायी गयी थी। केडीए अस्पताल में इस चोट का सफल आर्थ्रोस्कोपिक ऑपरेशन किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित