हैदराबाद , जुलाई 26 -- आंध्र प्रदेश के चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा मंत्री वाई सत्य कुमार यादव ने रविवार को बसावतारकम इंडो अमेरिकन कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (बीआईएसीएचआरआई) का दौरा कर कैंसर से जूझ रही छह साल की बच्ची के इलाज के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

गौरतलब है कि अन्नमय्या जिले के मुलाकालाचेरुवु की रहने वाली अंजनेयुलु और विजयाम्मा की बेटी ससानी चंद्रिका की आंख के नीचे कैंसर का ट्यूमर पाया गया है। उसकी मां ने पिता की मौत के बाद अपनी बेटी को बचाने के लिए मीडिया के जरिए आर्थिक मदद की अपील की थी।

श्री सत्य कुमार यादव ने आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के निर्देशों पर अमल करते हुए बीआईएसीएचआरआई के अध्यक्ष और अभिनेता-विधायक नंदमुरी बालकृष्ण से बच्ची का इलाज करने का अनुरोध किया। श्री बालकृष्ण ने तुरंत अस्पताल प्रशासन को उसे भर्ती करने और इलाज शुरू करने का निर्देश दिया, जबकि आंध्र प्रदेश सरकार ने विशेष आर्थिक सहायता दी।

अस्पताल के डॉक्टरों ने जरूरी जांच पूरी की और इलाज की योजना तैयार की। बच्ची की शुरुआती सर्जरी 'हेड एंड नेक सर्जरी डिपार्टमेंट' करेगा, जिसके बाद उसकी मेडिकल स्थिति के आधार पर आगे के इलाज का फैसला किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित