विजयवाड़ा , नवंबर 06 -- आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में कोथापटनम गांव के पास समुद्र में नाव पलटने से तमिलनाडु के सात मछुआरों के शव बरामद किए गए हैं। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सात मछुआरों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

अधिकारियों के अनुसार, कुछ दिन पहले चेन्नई मत्स्य बंदरगाह से नौ मछुआरे मछली पकड़ने के लिए समुद्र में गए थे। उनकी नाव सुरक्षित रूप से निजामपटनम मत्स्य बंदरगाह पहुंची थी। इसके बाद वे रामायपटनम मत्स्य बंदरगाह पर लंगर डाले तमिलनाडु की तीन अन्य नौकाओं से जुड़ने के लिए निजामपटनम से रवाना हो गए।

कोथापटनम के पास 'मुरासू' चक्रवात के कारण उठी विशाल लहरों की वजह से उनकी नाव समुद्र में पलट गई।

गुरुवार को पलटी हुई नाव से चार मछुआरों के शव मिले, जबकि दो शव शुक्रवार को बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि शेष दो लापता मछुआरों की तलाश के लिए समुद्र में व्यापक खोज अभियान चलाया जा रहा है।

घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को तमिलनाडु के सात मछुआरों की मौत पर गहरा शोक और दुख जताया। उन्होंने कहा कि मुरासू चक्रवात के कारण समुद्र में बेहद तीव्र हलचल होने की वजह से नाव पलटी।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से बात कर घटना की जानकारी ली और लापता दो मछुआरों की तलाश के प्रयासों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि तटरक्षक बल, मरीन पुलिस के जवान और स्थानीय मछुआरे लापता दो मछुआरों को खोजने के लिए अभियान चला रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पोस्टमार्टम के बाद मछुआरों के पार्थिव शरीर को चेन्नई भेजने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित