अनंतपुर , अक्टूबर 16 -- आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साईं जिले में पेनुकोंडा के पास गोल्लापल्ली जलाशय में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में पांच महिलाओं की डूबने से मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, लोगों का एक समूह पिकनिक मनाने के लिए जलाशय पर गया था। उनमें से कुछ महिलाएं नहाने के लिए पानी में उतरीं और गहरे पानी में डूब गईं। मृतकों की पहचान पुष्पा, गायत्री, हसीना, माहीन और हाशिनी के रूप में हुई है।

दमकल और पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी शवों को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी सामान्य अस्पताल (जीजीएच) भेज दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और करीबियों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे वहां मातम छा गया।

राज्य की मंत्री सविता ने इस हादसे पर गहरा दुख और शोक जताया है। उन्होंने अधिकारियों को जलाशय के आसपास तुरंत चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।

दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआरसीपी अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने भी पांचों महिलाओं की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

श्री मोहन रेड्डी ने कहा कि परिवार के साथ घूमने निकलीं महिलाओं का इस तरह दुखद अंत अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद और उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित