विजयवाड़ा , जून 16 -- आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (एपीएसआरटीसी) के कार्यकारी निदेशक (संचालन) गद्दे नागेश्वर राव ने मंगलवार को कहा कि 21 जून को होने वाली नीट-यूजी की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए बिना कठिनाई के यात्रा सुनिश्चित करने के व्यापक प्रबंध किये गये हैं।
कार्यकारी निदेशक ने यहां जारी विज्ञप्ति में बताया कि आंध्र प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुसार, एपीएसआरटीसी नीट-यूजी की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्रों को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देगी।
कार्यकारी निदेशक ने स्पष्ट किया, "छात्र अपने निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक जाने और परीक्षा समाप्त होने के बाद वापसी की यात्रा के लिए अपना नीट हॉल टिकट दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। यह सुविधा राज्य भर में एक्सप्रेस, अल्ट्रा पल्लेवेलुगु, मेट्रो एक्सप्रेस और सिटी ऑर्डिनरी बसों में उपलब्ध रहेगी।"उन्होंने सूचित किया कि छात्रों को उनके परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचाने के लिए एपीएसआरटीसी ने सभी जोन, क्षेत्रों और डिपो को विशेष निर्देश जारी किये हैं। इसके तहत मुख्य आवाजाही वाले केंद्रों और परीक्षा केंद्रों के रूटों पर पर्याप्त बसें चलायी जायेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रियों की मांग के आधार पर जहां भी जरूरत होगी, अतिरिक्त बसें भी चलायी जायेंगी।
उन्होंने बताया कि मुख्य बस स्टेशनों पर छात्रों के मार्गदर्शन और उन्हें बिना किसी असुविधा के उनके गंतव्य तक पहुंचाने में मदद के लिए विशेष सहायता केंद्र स्थापित किये जायेंगे। साथ ही महत्वपूर्ण बस स्टेशनों और परीक्षा केंद्रों पर बसों के संचालन की निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने के लिए निगरानी कर्मचारी को भी तैनात किया जायेगा।
श्री राव ने कहा कि सभी बसों, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में, समय पर संचालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश जारी किये गये हैं और परीक्षा के दिन किसी भी निर्धारित बस सेवा को रद्द नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने छात्रों, माता-पिता और अभिभावकों से अपील करते हुए उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना समय से पहले बना लें और एपीएसआरटीसी की दी जा रही इस मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ उठायें।
नीट के सभी परीक्षार्थियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने भरोसा जताया कि एपीएसआरटीसी यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहयोग देगी कि छात्र आराम से और समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित