राजमहेंद्रवरम , अप्रैल 06 -- आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में एक कार नहर में जा गिरी और इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक दंपति की मौत हो गई।
यह घटना मंडपेट मंडल के तापेश्वरम गांव के पास सोमवार को हुई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान बोगिल्ली वीरा वेंकट सतीश (40) और किरणमैया (36) के रूप में हुई है। दोनों काकीनाडा में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव वेलगथोडू लौट रहे थे, तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गयी और सिंचाई वाली नहर में जा गिरी।
हादसे में कार में सवार सतीश के माता-पिता और उनके दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से सभी को समय रहते बचा लिया गया।
बाद में वाहन को नहर से बाहर निकाला गया और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अमलापुरम के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित