कुरनूल , मई 31 -- आंध्रप्रदेश के मंत्रालयम में शनिवार शाम तुंगभद्रा नदी में डूबे एक पांच वर्षीय बालक समेत पांच लोगों के शव नदी से बरामद कर लिये गये हैं। एक धार्मिक कार्यक्रम के बाद ये लोग नदी में पवित्र स्नान के लिये गये थे।

निरीक्षक दस्तगिरी बाबू ने बताया कि लोगों का एक समूह मंत्रालयम में रहने वाले एक व्यक्ति के घर आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुआ था। कार्यक्रम के बाद, वे पवित्र स्नान के लिये नदी पर गये थे। उनमें से पांच लोग डूब गये।

शनिवार रात जहां चार शव बाहर निकाले गये, वहीं रविवार को एक और शव नदी से बरामद किया गया। मृतकों की पहचान वडला सतीश (25), राघवेंद्र (25), वडला धनु (22), संध्या (21) और युवान चंद्रा (5) के रूप में हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआरसीपी अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने रविवार को इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुये उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित