विशाखापत्तनम , मई 31 -- आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम जिले के गाजुवाका क्षेत्र में रविवार को आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (एपीएसआरटीसी) की एक बस के खड़े ट्रक से टकरा जाने से चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि नौ अन्य यात्री घायल हो गये।

पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस राजमहेंद्रवरम से पार्वतीपुरम जा रही थी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गाजुवाका के निकट बस एक खड़े ट्रक से जा टकरायी। हादसे में बस चालक रामबाबू (50), यात्री गंगुलु (70) और लेंका ईश्वरम्मा की मौके पर ही मौत हो गई। घायल नौ यात्रियों को किंग जॉर्ज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। राज्य के परिवहन मंत्री एम. रामप्रसाद रेड्डी तथा गाजुवाका विधायक और तेलुगु देशम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

परिवहन मंत्री ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए प्रत्येक मृतक के परिजन को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। एपीएसआरटीसी के अध्यक्ष के. नारायण राव ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि निगम यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित