विजयवाड़ा , सितंबर 05 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को 12वें वेतन संशोधन आयोग के गठन और राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते की दो लंबित किस्तों को जारी करने को मंजूरी प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने कर्मचारी संघों के नेताओं के साथ बातचीत के बाद इन फैसलों की घोषणा की। एक जुलाई, 2024 और एक जनवरी, 2025 से देय दो लंबित महंगाई भत्ते एक अक्टूबर, 2026 से जारी किये जायेंगे। उन्होंने आने वाली संक्रांति तक कर्मचारियों के खातों में 2022 की सरेंडर लीव की रकम जमा करने और आगामी दशहरा त्योहार के दौरान पुलिस कर्मियों को एक अतिरिक्त सरेंडर लीव का भुगतान करने पर भी सहमति दी। पेंशन की अतिरिक्त राशि जनवरी 2027 से लागू की जायेगी।
आज लिए गये फैसलों के अनुसार, 70 साल से ज़्यादा उम्र के पेंशनभोगियों को पेंशन की अतिरिक्त 10 प्रतिशत राशि मिलेगी जबकि 75 साल से ज़्यादा उम्र वालों को अतिरिक्त 15 प्रतिशत राशि मिलेगी। कर्मचारी स्वास्थ्य योजना को सुव्यवस्थित किया जायेगा। अगले महीने से सरकार एनटीआर वैद्य सेवा ट्रस्ट को मासिक भुगतान करेगी।
मुख्यमंत्री द्वारा घोषित निर्णयों से सरकारी खजाने पर सालाना 2,880 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार अपने कर्मचारियों की भलाई एवं कल्याण के लिए काम करती रहेगी और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए व्यावहारिक कदम उठायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित