भोपाल , जून 01 -- मध्यप्रदेश में आंधी और वर्षा के कारण मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के अनेक जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि सतना सहित कई क्षेत्रों में अच्छी वर्षा हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान सतना में सर्वाधिक सवा इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई। दतिया में लगभग आधा इंच वर्षा हुई, जबकि शिवपुरी, गुना, ग्वालियर, श्योपुर, रीवा, सिवनी, बैतूल, सिंगरौली, मैहर और उमरिया सहित अनेक जिलों में वर्षा दर्ज की गई।

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान खंडवा में 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा पचमढ़ी में 19.4 डिग्री, दमोह में 21.8 डिग्री, रीवा में 22 डिग्री, खरगोन और छिंदवाड़ा में 23.4 डिग्री तथा दतिया में 23.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

प्रमुख शहरों में भोपाल का न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री, इंदौर में 26.4 डिग्री, ग्वालियर में 24.7 डिग्री, उज्जैन में 26 डिग्री तथा जबलपुर में 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोमवार सुबह राजधानी भोपाल में तेज हवाएं चलती रहीं, जबकि शिवपुरी में रुक-रुक कर वर्षा का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग ने सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक आंधी और वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित