ऋषिकेश , मई, 29 -- बीते एक माह से झुलसाने वाली गर्मी का सामना कर रहे उत्तराखंड में ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गुरुवार देर रात मौसम में आए बदलाव से राहत मिली। तेज आंधी और लगभग दो घंटे तक हुई वर्षा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, आंधी-तूफान अपने साथ कई समस्याएं भी लेकर आया।

तेज हवाओं के चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर विशालकाय पेड़ उखड़कर या टूटकर बिजली की हाईटेंशन लाइनों पर गिर गए। इससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई और कई इलाकों में रात से ही बिजली गुल हो गई। जगह-जगह पेड़ गिरने से सड़क मार्ग भी बाधित हुए, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

ऋषिकेश-एम्स मार्ग पर कृषि उत्पादन मंडी समिति के निकट एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। वहीं वीरभद्र सब स्टेशन से संचालित 33 केवी विद्युत लाइन पर भी कई स्थानों पर पेड़ गिरने से तार टूट गए। इसके चलते संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित