भिण्ड , जून 11 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में आंधी, तेज हवाओं और बारिश के बाद लगातार बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली गुल होने और लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं होने पर उपभोक्ता शिकायत लेकर विद्युत उपकेंद्रों तक पहुंच रहे हैं। इस बीच मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के भिण्ड शहर वृत्त के महाप्रबंधक अमरेश शुक्ल ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है।

श्री शुक्ल ने जारी जनहित संदेश में बताया कि हाल में आए तेज आंधी-तूफान और वर्षा के कारण जिलेभर में विद्युत तंत्र को व्यापक नुकसान पहुंचा है। बड़ी संख्या में बिजली के पोल, तार और अन्य विद्युत संरचनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। कई स्थानों पर बड़े पेड़, बैनर और होर्डिंग बिजली लाइनों पर गिरने से आपूर्ति बाधित हुई है। इसके अलावा इंसुलेटर सहित अन्य महत्वपूर्ण उपकरण भी प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भीषण गर्मी तथा कठिन परिस्थितियों के बावजूद युद्धस्तर पर सुधार कार्य में जुटे हुए हैं। टूटे हुए पोल बदलने, क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत करने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने का कार्य लगातार दिन-रात किया जा रहा है। हालांकि कई स्थानों पर तकनीकी और भौगोलिक बाधाओं के कारण सुधार कार्य में अपेक्षाकृत अधिक समय लग रहा है।

महाप्रबंधक ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, संयम बनाए रखें और फील्ड में कार्यरत बिजली कर्मचारियों का सहयोग करें। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को टूटे हुए बिजली तारों तथा क्षतिग्रस्त पोलों से दूर रहने और ऐसी किसी भी स्थिति की तत्काल सूचना विभाग को देने की सलाह दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य विद्युत आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के लिए विभाग अपनी पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित