लखनऊ , मई 14 -- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश में हाल ही में आए भीषण आंधी-तूफान से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राज्य सरकार से पूरी उदारता बरतने की मांग की है। साथ ही उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

सुश्री मायावती ने शनिवार को एक्स पर लिखा, " यूपी के कई हिस्सों में जबरदस्त आंधी-तूफान से जान-माल की भारी तबाही हुई है। राज्य सरकार को पूरी उदारता के साथ हर प्रकार से पीड़ितों के सहयोग के लिए आगे आना चाहिए, ताकि वे लोग अपने उजड़े/बिखरे हुए पारिवारिक जीवन को समेट कर दोबारा से अपनी जिंदगी शुरू कर सकें।"उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल की कीमत में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करोड़ों गरीबों, मेहनतकश परिवारों, खेती-किसानी के साथ-साथ मिडिल क्लास के जीवन को भी बुरी तरह प्रभावित करेगी। इस महंगाई का सीधा असर इन सबके परिवार के पालन-पोषण पर पड़ेगा।

बसपा प्रमुख ने कहा कि सरकार को महंगाई और जीवन दुष्कर करने वाली इस प्रकार की नियमित वृद्धि को कम करने के लिए जरूरी सार्थक कदम उठाने चाहिए। यही समय की मांग है।

गौरतलब है कि मंगलवार रात यूपी के भदोही, फतेहपुर, सोनभद्र, बदायूं समेत कई जिलों में आए आंधी-तूफान में 54 लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग प्रभावित हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित