भिण्ड , जून 11 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले की लहार तहसील में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। आंधी और बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं बिजली के खंभे टूटने से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह से दोपहर तक तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान रहे। दोपहर बाद मौसम बदला और लहार, आलमपुर, दबोह, मिहोना तथा आसपास के क्षेत्रों में घने बादल छा गए। इसके बाद करीब आधे घंटे तक हुई वर्षा से सड़कों पर पानी भर गया और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

आलमपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो वर्षा के बाद घटकर 34 डिग्री सेल्सियस रह गया। ठंडी हवाओं और बारिश से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।

इस बीच तेज आंधी के कारण सेवढ़ा से आलमपुर आने वाली 33 केवी विद्युत लाइन के सात खंभे टूटकर गिर गए। इसके चलते आलमपुर सहित आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। भिण्ड जिला मुख्यालय पर आंधी चली, लेकिन वर्षा नहीं हुई।

बिजली कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त खंभों और तारों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार शाम तक विद्युत आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित